हरिद्वार, 30 जुलाई।
कनखल थाना क्षेत्र की पुलिस ने मालिश करने का ढोंग रचकर बुजुर्गों को चकमा देने वाले और उनके आभूषण उड़ाने वाले एक शातिर ठग को दबोच लिया है। उसके पास से लगभग छह लाख रुपये मूल्य का चुराया हुआ सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत ने पत्रकारों को बताया कि बीते तेरह जुलाई को आर.के. मिशन मार्ग के रहने वाले नरेश अरोड़ा ने अर्जी दी थी कि एक शख्स ने हाथों के दर्द के इलाज के नाम पर उनकी मालिश की और कड़ा उतरवाकर बहते पानी में हाथ साफ करने के वास्ते भेज दिया। जैसे ही पीड़ित बाहर गया, जालसाज कड़ा लेकर चंपत हो गया।
मुकद्मा दर्ज होने के बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल करते हुए उल्हेड़ा जाने वाले रास्ते से हंस कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी उल्हेड़ा, थाना मंगलौर को धर दबोचा। उसके पास से उड़ाया गया सोने का कड़ा बरामद हो चुका है।
कड़ाई से पूछताछ के दौरान मुजिम ने कुबूल किया कि उसने देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में भी इसी तर्ज पर कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि वह अकेले रहने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाता था और इस तरह के फरेब के मामलों में पहले भी जेल की हवा खा चुका है। मुलिम को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

















