नई दिल्ली, 30 जुलाई।
निवेश धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे आरोपित राहुल शामराव कालोखे को फिजी से भारत लाया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत प्रत्यर्पित कराया। कालोखे पर आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग योजनाओं में निवेश कराया और बाद में निवेशकों की राशि का दुरुपयोग कर निजी लाभ उठाया।
जांच एजेंसी के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों ने इन योजनाओं में पैसा लगाया था। आरोप है कि रकम जमा होने के बाद उसका इस्तेमाल गलत तरीके से किया गया और कार्रवाई से बचने के लिए कालोखे फरार हो गया था। इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद आरोपित की मौजूदगी फिजी में मिलने पर वहां की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सीबीआई की टीम आरोपित को लेकर गुरुवार को भारत पहुंची। फिलहाल राहुल शामराव कालोखे भारतीय एजेंसियों की हिरासत में है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















