काठमांडू, 30 जुलाई।
नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसद बुद्धि प्रसाद पंत ने सरकार के कामकाज को लेकर गंभीर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जेन जी आंदोलन और बदलाव के संकल्प के साथ बनी सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है।
प्रतिनिधि सभा की बैठक में सांसद पंत ने कहा कि सरकार का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें खुद भी कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार में शामिल एक सांसद ही परिवर्तन महसूस नहीं कर पा रहा है, तो आम नागरिकों को बदलाव का एहसास कैसे होगा।
सांसद पंत ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे को भी संसद में उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट और इसके विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों के आंदोलन से आम लोगों को इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को बीरगंज स्थित नारायणी अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद विवाद बढ़ गया था। इस दौरान डॉक्टरों के साथ हाथापाई की घटना सामने आई थी, जिसके बाद देशभर के डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सांसद पंत ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और यदि किसी निर्दोष व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है तो उसे रिहा करने की मांग की। उन्होंने सरकार से जनता की भावनाओं के अनुरूप अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने की अपील की।

















