बक्सर, 1 अगस्त।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 13006 डाउन अमृतसर-हावड़ा मेल में विशेष जांच अभियान के दौरान तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 32.94 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 25,350 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार 31 जुलाई 2026 को ट्रेन की तलाशी के दौरान संदिग्ध महिलाओं की जांच की गई। इस दौरान उनके कब्जे से अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कंचन देवी, सीता देवी और शांति देवी के रूप में हुई है। तीनों पटना जिले की रहने वाली हैं।
संयुक्त टीम ने बरामद शराब को जब्त कर लिया। आरोपित महिलाओं के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
अधिकारियों के अनुसार रेलवे मार्ग से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।






















