रायपुर, 1 अगस्त।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) के निर्देश पर शनिवार तड़के नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मेगा चेकिंग अभियान और सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, वारंटियों की गिरफ्तारी, किरायेदारों के सत्यापन और अवैध गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की।
अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और कृष्णा चंद्राकर के मार्गदर्शन में उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खम्हारडीह और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया। कार्रवाई के दौरान 30 वारंट तामील किए गए, जिनमें सात स्थायी वारंटी शामिल रहे।
पुलिस ने अभियान के दौरान 543 मकानों और 148 किरायेदारों का सत्यापन किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, आदतन अपराधियों और उभरते बदमाशों की जांच करते हुए कई इलाकों में घर-घर पहुंचकर सत्यापन किया गया।
खम्हारडीह थाना पुलिस ने एक स्थायी वारंटी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा बरामद की, जो पहले दर्ज वाहन चोरी के मामले में वांछित थी। वहीं गुढ़ियारी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन प्रकरण दर्ज किए और 78 पाव देशी शराब के साथ 950 रुपये नकद जब्त किए।
उरला थाना पुलिस ने सात वारंट तामील करने के साथ एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं खमतराई थाना पुलिस ने मारपीट और चोरी के मामलों में नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। पंडरी क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी समेत 256 मकानों का भौतिक सत्यापन कर बिना सत्यापन के रह रहे किरायेदारों की जानकारी भी जुटाई गई।
अभियान के दौरान लोगों को किरायेदार सत्यापन कराने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और अवैध प्रवासियों व घुसपैठियों की जानकारी संबंधित हेल्पलाइन पर उपलब्ध कराने के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।






















