मऊ, 1 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के रामपुर थाना क्षेत्र के निधियांव गांव स्थित प्राचीन अष्टादस महालक्ष्मी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से मां दुर्गा के दो चांदी के मुकुट और हनुमान मंदिर में रखी दानपेटी लेकर फरार हो गए। घटना का पता शनिवार सुबह उस समय चला, जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
मंदिर पहुंचने पर पुजारी सरवन यादव ने देखा कि मां दुर्गा के दोनों चांदी के मुकुट अपनी जगह पर नहीं थे। साथ ही हनुमान मंदिर में रखी दानपेटी भी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच गए।
मंदिर चोरी की घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है। पुजारी सरवन यादव का कहना है कि क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।






















