सुकमा, 1 अगस्त।
जिले के चिंतागुफा थाना पुलिस ने जमीनी विवाद में बड़े भाई की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपित छोटे भाई पोडियाम जोगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई टंगिया भी बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को ग्राम तिमेलवाड़ा (स्कूलपारा) निवासी पोडियाम बण्डी अपने घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई पोडियाम जोगा पुराने जमीनी विवाद और खेत की जुताई को लेकर गाली-गलौज करते हुए रसोईघर में पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर पास में रखी टंगिया के पिछले हिस्से से बड़े भाई के सिर पर लगातार दो वार कर दिए।
हमले में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पोडियाम बण्डी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया।
मृतक की पत्नी की मौखिक शिकायत पर चिंतागुफा थाना में मर्ग क्रमांक 07/2026 और अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पोडियाम जोगा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर जब्त कर ली गई।






















