राजगढ़, 1 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में घुसकर उन्हें चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश करीब चार लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड क्रमांक-8 निवासी ममता जादौन (50) के घर में बदमाश पीछे की ओर स्थित बगीचे से दीवार फांदकर पहुंचे और खुली खिड़की से भीतर दाखिल हो गए। घटना के समय ममता जादौन घर में अकेली थीं। उनका बेटा आष्टा में ग्रामीण बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत है और परिवार के साथ वहीं रहता है।
पीड़िता ने बताया कि रात के दौरान आहट सुनकर उनकी नींद खुली तो एक नकाबपोश बदमाश हाथ में बड़ा चाकू लिए सामने खड़ा था। विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश पर बदमाश ने गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक आरोपी उन्हें बंधक बनाए रहा और दो अन्य घर में रखी अलमारी व सामान की तलाशी लेते रहे।
बदमाश महिला से कानों के टॉप्स, गले की चेन, सोने की अंगूठी और हाथों में पहने चांदी के कड़े उतरवाकर ले गए। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उनका सिर दीवार से टकरा गया। इसके बाद आरोपित अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने महिला को एक कमरे में बंद कर दिया। बाद में ममता जादौन खिड़की के रास्ते बाहर निकलीं और गली में पहुंचकर शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि घर में रखी करीब ढाई लाख रुपये की राशि उन्होंने बैंक से निकाली थी, जबकि डेढ़ लाख रुपये उनके बेटे ने भेजे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह महिला समूह का संचालन करती हैं, जिसके कारण घर में नकदी का लेन-देन होता रहता है।
पुलिस ने लूट और गृहभेदन समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपितों की तलाश जारी है।






















