भोपाल, 03 अगस्त।
मध्य प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य में अगस्त माह के पहले शासकीय दिवस पर आज राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय के प्रांगण में राष्ट्रगीत वंदे-मातरम और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस गरिमामयी अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति की अनूठी स्वरलहरियां बिखेरी गईं। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, संजय कुमार शुक्ला, दीपाली रस्तोगी, शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह, विवेक कुमार पोरवाल समेत विभिन्न प्रशासनिक भवनों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि हर माह के प्रथम कार्य दिवस पर प्रांतीय राजधानी के शासकीय कार्यालयों तथा जिला मुख्यालयों में राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के सामूहिक गायन की परंपरा का निरंतर निर्वहन किया जाता है।
















