गुवाहाटी, 03 अगस्त।
असम सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को अंतरिम राहत प्रदान करते हुए 75 हजार से अधिक परिवारों के बैंक खातों में 15-15 हजार रुपये की पहली किस्त सीधे भेज दी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के पात्र लाभार्थियों के लिए राज्य सरकार की वित्तीय सहायता भी जारी की गई है। दोनों योजनाओं के तहत 160 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि इस त्वरित आर्थिक सहायता का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित परिवारों को जल्द सामान्य जीवन की ओर लौटने और अपने घर-परिवार को दोबारा व्यवस्थित करने में सहयोग देना है। उन्होंने बताया कि अंतिम मुआवजे की राशि विस्तृत क्षति आकलन पूरा होने के बाद तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि शिवसागर और चराइदेव जिले के गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को अगले कुछ दिनों में अतिरिक्त 10-10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर से निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवसागर और चराइदेव में हुई तबाही वास्तविकता में टीवी पर दिखाई देने वाले दृश्यों से कहीं अधिक गंभीर है। उन्होंने कहा कि केवल राहत वितरण पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि बिहुबर, नेपालीखूटी, बेतबारी और निमाईजान जैसे अधिक प्रभावित गांवों के पुनर्निर्माण की दिशा में भी काम करना होगा।















