नई दिल्ली, 03 अगस्त।
समाजवादी पार्टी के महासचिव और राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मुद्दे पर संसद परिसर में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन को अनुचित बताया है। उनका कहना है कि इस पूरे मामले का संतों से कोई संबंध नहीं है और इस तरह का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए था।
सोमवार को संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रामगोपाल यादव ने कहा कि सांसद पप्पू यादव का विरोध प्रदर्शन उचित नहीं था। उन्होंने दोहराया कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले को संतों से जोड़ना सही नहीं है, क्योंकि उनका इस विषय से कोई वास्ता नहीं है।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी राम मंदिर के दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी और इस विषय पर अपनी बात रखती रहेगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को संसद परिसर में पप्पू यादव पुजारी के वेश में दान पेटी लेकर बैठे थे। इस दौरान राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने उसमें पैसे डालने का अभिनय किया। बाद में पप्पू यादव ने वे पैसे अपनी जेब में रखकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी हुई है। उस समय सपा सांसद रुचि वीरा, अवधेश प्रसाद, धर्मेंद्र यादव और डिंपल यादव भी वहां मौजूद थे, जबकि अन्य विपक्षी सांसद पीछे खड़े होकर यह प्रदर्शन देख रहे थे।
















