नोएडा, 03 अगस्त।
नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीती रात महिला समेत चार लोगों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। सभी घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और प्रत्येक मामले में जांच शुरू कर दी है।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र की संगम विहार कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय रिया चौरसिया की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मृतका के भाई ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
इसी तरह थाना कासना क्षेत्र के वाल्मीकि मोहल्ला, ग्राम कासना निवासी 29 वर्षीय विकास का शव उनके घर से मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले की जांच जारी है।
थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में सेक्टर-31 निवासी 21 वर्षीय गंगा की भी मौत का मामला सामने आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मानसिक तनाव में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, थाना दनकौर क्षेत्र में रहने वाले 54 वर्षीय नवीन कुमार की भी मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह भी मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।
















