फिरोजाबाद, 3 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना मक्खनपुर पुलिस और एसओजी टीम ने रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। दोनों पर विधवा महिला की हत्या और लूट की वारदात में शामिल होने का आरोप है। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेले रह रही विधवा महिला सरोज देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद बदमाश घर से सोने के आभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया था।
रविवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित दो आरोपी खाटू श्याम मंदिर के पास हाईवे किनारे किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। पुलिस और एसओजी ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लक्की और आकाश उर्फ हनुमान के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो कंगन, दो अंगूठियां, दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, मृतका का आधार कार्ड और एसबीआई का एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
पूछताछ में दोनों ने घटना में अपने तीसरे साथी मोहित के शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घायल आरोपितों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है और उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
















