नई दिल्ली, 03 अगस्त।
राजधानी के करोल बाग स्थित भीड़भाड़ वाले बाजार में डिलीवरी के लिए ले जाए जा रहे सोने के जेवर से भरे पार्सल की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा पार्सल भी बरामद कर लिया गया, जिसमें 112.82 ग्राम वजनी 14 कैरेट सोने के आभूषण सुरक्षित मिले। आरोपी की पहचान आनंद पर्वत निवासी भरत उर्फ गुड्डा (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह पहले भी हत्या, लूट और चोरी जैसे मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को करोल बाग थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पटपड़गंज स्थित श्री बालाजी कंपनी में कार्यरत है। 30 जुलाई को कंपनी के निर्देश पर वह गनुन लॉजिस्टिक्स से 14 कैरेट सोने के जेवर का पार्सल लेकर बीडनपुरा की गली नंबर-10 में डिलीवरी देने जा रहा था। गंतव्य पर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसके बैग की चेन खुली हुई है और पार्सल गायब है। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और गली नंबर-2 से गली नंबर-10 तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की विस्तार से जांच की। जांच में एक युवक शिकायतकर्ता के बैग की चेन खोलकर पार्सल निकालते और वहां से निकलते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी गतिविधियों का पीछा करते हुए पुलिस ने उसकी पहचान भरत उर्फ गुड्डा के रूप में की और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले बाजारों में कीमती सामान या पार्सल लेकर चलने वाले लोगों पर नजर रखता था। मौका मिलते ही वह बैग की चेन खोलकर सामान निकाल लेता और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से निकल जाता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरा चोरी हुआ पार्सल बरामद कर लिया।
















