दुर्ग, 3 अगस्त।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की बीती रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, वारदात को चार आरोपितों ने अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। देर रात करीब 12 बजे धमधा रोड पर करहीडीह और चिखली चौक के बीच बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के साथी से पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी भी की गई है।
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर बदमाशों द्वारा लूट की नीयत से वारदात किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के उच्च अधिकारियों ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की अलग-अलग टीमें गठित की हैं। ये टीमें संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बदमाश घटना के बाद मोबाइल फोन और चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। मृतक का साथी मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। मृतक की पत्नी तुमाकला गांव की सरपंच हैं।
















