सागर, 03 अगस्त।
सागर जिले के बीना में नई बस्ती पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक पुलिया के नीचे सोमवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 26 वर्षीय मुकेश अहिरवार पुत्र तिज्जू अहिरवार के रूप में हुई है। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि 2 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे वह चप्पल पहनकर सामान्य रूप से घर से निकला था। रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
सोमवार सुबह नई बस्ती चौकी के समीप पुलिया के नीचे उसका शव मिलने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक को अत्यधिक शराब पीने की आदत थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि देर रात नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह पुलिया से नीचे गिर गया होगा, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई।
हालांकि, परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने एक स्थानीय व्यक्ति का नाम लेते हुए उस पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर संदिग्ध से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच दुर्घटना और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
















