Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
03 Aug, 2026

पांच सूत्रीय मांगों पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए अनूपपुर के पटवारी

अनूपपुर जिले के पटवारी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

अनूपपुर, 03 अगस्त।

मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर अनूपपुर जिले के पटवारी सोमवार से अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम चरण में पहुंचते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इस दौरान पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर अनूपपुर के लिए अधीक्षक भू-अभिलेख को सौंपा और अपने बस्ते तथा राजस्व अभिलेख संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर दिए।

पटवारी संघ जिला इकाई के अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ के निर्देश पर अनूपपुर जिले की सभी चार तहसीलों के पटवारियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।

संघ की प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ देना, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा का नियमित आयोजन, पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करना, विभिन्न योजनाओं के लंबित मानदेय और भुगतानों का शीघ्र भुगतान तथा संघ के पदाधिकारियों के नियमों के विरुद्ध किए गए तबादलों को निरस्त करना शामिल है।

पटवारी संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के कारण नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्रों के लिए आवश्यक राजस्व प्रतिवेदन सहित पटवारियों से जुड़े कई राजस्व कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

संघ ने शासन से मांग की है कि उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल की जाए। साथ ही प्रशासन को हड़ताल की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भी अवगत कराया गया है।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु या नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। नौकरी में पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। बिगड़ा कार्य बनेगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़