लाल सागर, 5 अगस्त।
लाल सागर में यमन तट के पास भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज एमएसवी फैजे नूरे ओलिया पर हुए हमले के बाद जहाज समुद्र में डूब गया। जहाज पर सवार कुल 14 नाविकों, जिनमें 13 भारतीय शामिल थे, को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार, यह जहाज सऊदी अरब से तेल लेकर जा रहा था।
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने बताया कि यमन के समुद्री क्षेत्र के निकट जहाज पर एक प्रक्षेपास्त्र से हमला किया गया, जिससे वह पलट गया और बाद में डूब गया। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निहत्थे यांत्रिक नौकायन पोत पर किया गया यह हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत रुकनी चाहिए और इन जलमार्गों पर निर्बाध तथा सुरक्षित आवाजाही जल्द बहाल की जानी चाहिए।
मंत्रालय ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमन के संबंधित अधिकारियों के साथ सक्रिय समन्वय कर रहा है।















