भोपाल, 04 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेकर जनहित को प्राथमिकता दी है।
डॉ. सोलंकी ने विशेष रूप से 'कवच' योजना को किसानों के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के तकनीकी कारणों से डिफाल्टर बने किसानों को इससे दोबारा ऋण योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अपेक्स बैंक और जिला सहकारी बैंक 50 करोड़ रुपये का कोष बनाएंगे, जबकि राज्य सरकार 25 करोड़ रुपये अंशपूंजी के रूप में देगी।
उन्होंने कहा कि मंत्रिपरिषद ने खेल अधोसंरचना, जिला एवं सिविल अस्पतालों के संचालन, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए भी हजारों करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।
शिक्षा क्षेत्र में लिए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए डॉ. सोलंकी ने नए सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण, शिक्षकों की भर्ती, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों को प्रोत्साहन तथा जनजातीय विभाग के शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान देने के निर्णयों को सराहनीय बताया।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण की योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी।
















