इंदौर, 04 अगस्त।
इंदौर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बीमारी, शिक्षा, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान एक बेसहारा बुजुर्ग दंपति ने अपने जीवन-यापन में आ रही कठिनाइयों से प्रशासन को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों को सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम में भर्ती कराया गया।
एक अन्य मामले में जती कॉलोनी के दंपति ने अपने नवजात बच्चे के हृदय संबंधी गंभीर बीमारी की जानकारी दी। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बच्चे के समुचित उपचार और आवश्यक ऑपरेशन की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
जनसुनवाई में एक रिक्शा चालक ने अपने पुत्र अमन जायसवाल की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर कलेक्टर ने शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने के लिए लीड बैंक मैनेजर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
अन्य प्राप्त आवेदनों पर भी कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करना है, ताकि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य, रोशन राय सहित अन्य अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
















