नरसिंहपुर, 04 अगस्त।
समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी में कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में मंगलवार शाम नरसिंहपुर जिले के किसानों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। आंदोलन के कारण नेशनल हाईवे सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सबसे बड़ा प्रदर्शन सुआतला के समीप नेशनल हाईवे-44 पर हुआ, जहां किसान सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे पिछले 10 दिनों से बिलेहरा वेयरहाउस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उपज गुणवत्ता के अनुरूप होने के बावजूद नमी का हवाला देकर मूंग की तुलाई नहीं की जा रही है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि वेयरहाउस में रात के समय उनकी उपज चोरी हो रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में एसडीएम को शिकायत देने और आश्वासन मिलने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक मूंग खरीदी शुरू नहीं होती और खरीदी केंद्र को तेंदूखेड़ा मंडी स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इधर, सालीचौका के पोडार तिराहे पर भी किसानों ने गाडरवारा-पिपरिया मार्ग पर जाम लगाया। उनका कहना है कि वेयरहाउस में जगह की कमी बताकर मूंग की तुलाई के लिए उन्हें लगभग 70 किलोमीटर दूर करेली मंडी भेजा जा रहा है, जिससे परिवहन खर्च और समय दोनों बढ़ रहे हैं। किसानों ने सालीचौका मंडी में ही तुलाई की व्यवस्था करने की मांग की।
वहीं झिकौली के पास गाडरवारा-उदयपुरा मार्ग पर भी किसानों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। जिले के तीन प्रमुख मार्गों पर एक साथ हुए आंदोलन से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तीनों स्थानों पर पहुंचे तथा किसानों से चर्चा कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और किसानों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
















