भोपाल, 04 अगस्त।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाते हुए जिले की पूरी संगठनात्मक इकाई भंग कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिला कार्यकारिणी के साथ-साथ सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग करने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह निर्णय उपचुनाव में हार के कारणों की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। इससे पहले भाजपा ने प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा की दो सदस्यीय समिति गठित कर चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा का जिम्मा सौंपा था।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक के बाद संगठन में व्यापक बदलाव का निर्णय लिया गया। पार्टी नेतृत्व का संकेत है कि दतिया जिले में संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा और नई कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए पोस्ट और विभिन्न पत्रों की भी समीक्षा की जाएगी। पार्टी ऐसे पोस्ट या पत्र साझा करने वाले लोगों की सूची तैयार कर उनके राजनीतिक संबंधों और भूमिका की जांच करेगी।
उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी को पराजित कर लगातार दूसरी बार इस सीट पर जीत दर्ज की। इसके बाद भाजपा ने हार के कारणों की गहन समीक्षा शुरू कर संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया तेज कर दी है।
















