नई दिल्ली, 06 अगस्त।
राज्यसभा में गुरुवार को शून्यकाल के दौरान भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य, सांसद और भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने संत सेवालाल महाराज को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस दिशा में केंद्र सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
डॉ. लक्ष्मण ने सदन में कहा कि बंजारा समाज के श्रद्धेय संत और समाज सुधारक संत सेवालाल महाराज ने अपना पूरा जीवन गरीबों, जनजातीय समुदायों और वंचित वर्गों की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने सत्य, समानता, सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के सम्मान जैसे मूल्यों को समाज में स्थापित करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि संत सेवालाल महाराज की शिक्षाएं और विचार आज भी तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
डॉ. लक्ष्मण ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि संत सेवालाल महाराज की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाए। साथ ही उनकी शिक्षाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए देशभर में स्मृति और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा उनके जीवन, दर्शन और सामाजिक योगदान पर शोध, प्रकाशन और शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।
उन्होंने संत सेवालाल महाराज के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने की भी मांग की। उनका कहना था कि राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान करना सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता, सेवा और समरसता के उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस लंबे समय से लंबित मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक निर्णय लेने का आग्रह किया।














