आइजोल, 6 अगस्त।
असम राइफल्स ने सीमा शुल्क विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मिजोरम के सैतुअल जिले के कावलबेम क्षेत्र में तस्करी के लिए ले जाई जा रही लगभग 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की सुपारी जब्त की है। इस अभियान में दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अभियान 4 अगस्त को चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दो मालवाहक ट्रकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रकों से 320 बोरियों में भरी 22,400 किलोग्राम सुपारी बरामद की गई। जांच के बाद दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया।
अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों, जब्त सुपारी और दोनों मालवाहक वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, आइजोल के हवाले कर दिया गया।
असम राइफल्स ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















