नई दिल्ली, 6 अगस्त।
भारत में नेटफ्लिक्स के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कंपनी के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेड सारंडोस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की वैश्विक संभावनाओं को लेकर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए कहा कि टेड सारंडोस से मिलकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा देश की बड़ी ताकत है। इन क्षमताओं का उपयोग कर भारत को वैश्विक स्तर पर सामग्री निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ नेटफ्लिक्स इंडिया की ओर से साझा किया गया संदेश भी साझा किया। इसमें कहा गया कि भारत में नेटफ्लिक्स के 10 वर्ष पूरे होने का यह अवसर कंपनी के लिए विशेष है और प्रधानमंत्री से मुलाकात उनके लिए सम्मान की बात रही।
पोस्ट में कहा गया कि बैठक के दौरान भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के साझा दृष्टिकोण पर विचार-विमर्श किया गया।
नेटफ्लिक्स इंडिया ने यह भी जानकारी दी कि इसी दिशा में 'नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव' की शुरुआत की गई है। यह पहल भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के साथ कौशल विकास तथा शिक्षा साझेदारी के माध्यम से देश की नई रचनात्मक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।















