नागदा, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाले नागदा में जैन नारी शक्ति मंच की ओर से गुरुवार को अपने पहले सेवा प्रकल्प के तहत पाल्या कला गांव में जरूरतमंद परिवारों को नए वस्त्र बांटे गए। इस मानवीय आयोजन के दौरान महिलाओं को साड़ियां, मर्दों को कुर्ता-पायजामा और छोटे बच्चों को सुंदर पोशाकें भेंट की गईं।
मंच के संस्थापक व संचालक राजेश सकलेचा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ यह सेवा कार्य जैन समुदाय के दो गुप्त लाभार्थियों के विशेष सहयोग से पूरा किया गया। इस अवसर पर समाज के भीतर सेवा, आपसी सहयोग, करुणा और परोपकार की भावना के प्रति संगठन की गहरी प्रतिबद्धता को खुलकर प्रदर्शित किया गया।
राजेश सकलेचा और दीपक जैन ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जैन नारी शक्ति मंच का राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, नारी सशक्तिकरण और लोक-कल्याण से जुड़े अन्य सामाजिक कार्य भी नियमित तौर पर चलाए जाएंगे। इस पूरे समारोह में प्रीति भटेवरा, मोनिका जैन (नवादावाला), उर्मिला कोठारी, अनुज नाहर, जीवनलाल जैन, ओमप्रकाश कुमावत, धर्मेंद्र कुमावत और अंकित कुमावत समेत मंच की तमाम पदाधिकारी, सदस्याएं तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का सफल संचालन आभा जैन द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन चंचल जैन के द्वारा संपन्न हुआ।















