रांची, 06 अगस्त।
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी के झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि न्याय की मांग उठा रहे छात्रों के साथ कांग्रेस पूरी मजबूती से खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि झारखंड युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के साथ रांची पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों के प्रति एकजुटता जताई।
राजू के अनुसार, उनके नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने छात्रों की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के सकारात्मक और संवेदनशील रुख की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने छात्रों के मुद्दों पर विचार के लिए मंत्रिस्तरीय समिति के गठन का निर्णय लिया है। यह समिति आंदोलन कर रहे छात्रों से संवाद स्थापित करेगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।















