ग्वालियर, 06 अगस्त।
मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और इस अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
मंत्री कुशवाह गुरुवार को ग्वालियर के माधौगंज स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रभु उपहार भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम संस्थान द्वारा शुरू किए गए देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत आयोजित किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया और सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि समाज और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाने और बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आदर्श दीदी, पार्षद अनिल सांखला, अमर कुटे, सेंट्रल ब्यूरो ऑफिस के डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर ब्रिजेंद्र चौधरी, राजयोगी बीके प्रहलाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
















