प्रतापगढ़, 6 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मंडी के पास स्थित एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले बचाव अभियान के बाद मलबे में दबे छह लोगों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई, जबकि परिवार का केवल अमन सुरक्षित बच सका। पुलिस के अनुसार, मृतकों में प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55), बेटा नितिन (25), माधुरी (23), दो वर्षीय माधव और चार माह का एक मासूम शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मकान लगभग 100 वर्ष पुराना था। लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह करीब तीन बजे इसकी छत ढह गई, जिससे यह हादसा हुआ।















