जयपुर, 06 अगस्त।
राजस्थान की जयपुर पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए एक व्यापारी का कथित अपहरण कर उससे फिरौती मांगने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में एक महिला समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि गिरोह ने व्यापारी को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे रुपये वसूलने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को सोडाला थाने में व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला और उसके साथियों ने उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि महिला आरोपित ने खरीदारी के बहाने कई बार व्यापारी की दुकान पर जाकर उससे परिचय बढ़ाया। इसके बाद उसने व्यापारी को खाटू श्यामजी बुलाया, जहां पहले से मौजूद उसके साथियों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और पांच लाख रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के एक सदस्य ने महिला को अपनी पत्नी बताकर व्यापारी का अपहरण कर लिया। इसके बाद व्यापारी के परिजनों से फोन पर फिरौती की मांग की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से व्यापारी को सवाई माधोपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
पूरी जांच के बाद मामला हनीट्रैप से जुड़ा पाया गया। पुलिस ने दिनेश बाई उर्फ अनुष्का मीना उर्फ छोटा, अशोक मीना, रजनेश मीना, राजेंद्र कुमार मीना और मोनू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपितों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।















