नई दिल्ली, 6 अगस्त।
संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन किया।
नए संसद भवन और संविधान सदन के बीच एकत्र हुए सांसदों ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इन दोनों मामलों पर जवाब देने की मांग उठाई। इसके बाद सभी सांसद गांधी प्रतिमा के निकट पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान सांसदों के हाथों में एक बड़ा पोस्टर भी था, जिस पर "अमित शाह जवाब दो" लिखा हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित रूप से हुई सख्त पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
विपक्षी सांसदों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया और सरकार इस मामले में जवाब देने से बच रही है।
इसके साथ ही सांसदों ने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी दोहराई।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, अवधेश प्रसाद सहित कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के कई सांसद शामिल रहे।















