भोपाल, 6 अगस्त।
मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालित तुलसी शोध संस्थान की ओर से वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और राष्ट्रचिंतक रामबहादुर राय को वर्ष 2026 का पद्मभूषण युगतुलसी पं. रामकिंकर उपाध्याय राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह आज शाम चार बजे तुलसी मानस प्रतिष्ठान स्थित मानस भवन में आयोजित होगा।
मप्र जनजातीय संग्रहालय के निदेशक डॉ. धर्मेन्द्र पारे ने बताया कि अलंकरण समारोह मानस भवन में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रामबहादुर राय को वर्ष 2026 के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
एक जुलाई 1946 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में जन्मे रामबहादुर राय हिंदी पत्रकारिता, लेखन और चिंतन के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वर्तमान में वे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष हैं। साथ ही देश की सबसे पुरानी बहुभाषी समाचार एजेंसी के समूह संपादक के रूप में भी कार्य कर रहे हैं।
समाज, राजनीति और समसामयिक विषयों पर उनके लेखन और संपादन को व्यापक पहचान मिली है। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की और इसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया।
उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई। बिहार आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के साथ वर्ष 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम की रिपोर्टिंग भी की। इसके अलावा वे जे.बी. कृपलानी मेमोरियल ट्रस्ट में ट्रस्टी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व संभाले। वर्ष 1983 में संवाददाता, 1984 से 1986 तक मुख्य संवाददाता, 1986 से 1991 तक विशेष संवाददाता, 1991 से 1996 तक ब्यूरो प्रमुख और 1996 से 2004 तक समाचार सेवा के संपादक के रूप में कार्य किया। इसके अलावा प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में उनका लेखन लगातार प्रकाशित होता रहा है।















