सतपुड़ा, 15 सितंबर।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में हाथियों के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण पर केंद्रित सात दिवसीय हाथी महोत्सव शुरू हो गया है। कामती परिक्षेत्र के खरेर कैंप में फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने इसका शुभारंभ किया। महोत्सव 20 सितंबर तक चलेगा।
इस दौरान रिजर्व के छह हाथियों को नियमित गश्ती और वन्यजीव प्रबंधन कार्यों से विश्राम देकर विशेष देखभाल दी जा रही है। हाथियों को उनकी पसंद के गन्ना, मक्का, नारियल और मौसमी फल पौष्टिक आहार के रूप में दिए जाएंगे। प्रतिदिन नीम और अरंडी के तेल से उनकी मालिश भी की जाएगी।
सात दिनों में हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण, लंबाई और ऊंचाई का मापन कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर दांतों की ट्रिमिंग भी होगी। इसके लिए जबलपुर के वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों का सहयोग लिया जा रहा है।
महोत्सव में हाथियों के साथ लंबे समय से काम कर रहे महावत और चाराकटरों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया है। उनका मेडिकल चेकअप कराने के साथ खेल और मनोरंजक गतिविधियां होंगी। समापन पर कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इस पहल का उद्देश्य हाथियों को विश्राम और बेहतर स्वास्थ्य देने के साथ उनके, महावत और चाराकटर के बीच विश्वास और आत्मीय संबंधों को मजबूत करना है।
















