सीहोर, 24 सितंबर।
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में गणेश विसर्जन पर्व के दौरान सुरक्षा, शांति और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में गुरुवार को कलेक्टर बालागुरू के और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने प्रमुख विसर्जन घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा प्रबंधों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बालागुरू के ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने घाट पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और व्यवस्थित ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने को कहा। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने भी भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा और नगरपालिका सीएमओ सुधीर सिंह सहित तमाम संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा, कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम), एसडीओपी, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को अपने-अपने क्षेत्रों में विसर्जन घाटों व चल समारोह मार्गों का कड़ाई से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पूरा उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
















