अशोकनगर, 23 सितंबर।
अपराधों की जांच को अधिक वैज्ञानिक और तकनीकी बनाने के लिए अशोकनगर पुलिस को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वेन उपलब्ध कराई गई है। मध्य प्रदेश गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय की पहल से मिली इस वेन की मदद से गंभीर अपराधों के घटनास्थल पर ही साक्ष्यों का संकलन, संरक्षण और दस्तावेजीकरण किया जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने पुलिस कार्यालय परिसर में वेन का निरीक्षण किया और उसमें मौजूद उपकरणों व विभिन्न फॉरेंसिक किट की जानकारी ली। वेन में फिंगरप्रिंट, नारकोटिक्स, डिजिटल जांच, विस्फोटक पहचान, यौन अपराध तथा फुट और टायर प्रिंट से संबंधित किट उपलब्ध हैं।
इसके अलावा लैपटॉप, स्कैनर-कम-प्रिंटर, बॉडी वॉर्न कैमरा, स्क्रीन और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली सहित साक्ष्यों की पैकिंग व संरक्षण के लिए जरूरी संसाधन भी मौजूद हैं। इससे घटनास्थल से भौतिक, जैविक और डिजिटल साक्ष्य व्यवस्थित तरीके से जुटाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने वेन के संचालन की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर शर्मा, आरक्षक सुरेश कुशवाह और चालक आरक्षक करन को सौंपी। पुलिस के अनुसार, इससे साक्ष्य आधारित विवेचना को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
















