भोपाल, 23 सितंबर।
मानसरोवर ग्लोबल विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह एवं मानसरोवर डेंटल कॉलेज तथा मानसरोवर समूह के आयुर्वेदिक शिक्षण संस्थानों की ग्रेजुएशन डे सेरेमनी बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित हुई। समारोह में करीब 300 नियमित विद्यार्थियों को राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा डिग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रजत पाटीदार और प्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगुभाई पटेल रहे। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, एमपीपीएससी के अध्यक्ष प्रो. खेम सिंह डेडेरिया, क्रिकेटर रजत पाटीदार और गायक अनूप जलोटा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मानसरोवर समूह के संस्थापक ब्रह्मलीन कमलाकांत तिवारी के पुण्यस्मरण के साथ हुआ।
विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. गौरव तिवारी ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों से प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाज के लिए बेहतर कार्य करने का आह्वान किया। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि विद्यार्थी जीवन को गढ़ने में माता-पिता और गुरु का अमूल्य योगदान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मानसरोवर से मिली शिक्षा और संस्कारों को साथ लेकर भविष्य निर्माण करने की बात कही।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को व्यवहार और आचरण में विनम्रता बनाए रखने तथा संस्कारों को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। एमपीपीएससी के अध्यक्ष प्रो. खेम सिंह डेडेरिया ने कहा कि मानसरोवर से मिली व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण की शिक्षा को विद्यार्थी अपने व्यवहार में शामिल करें।
क्रिकेटर रजत पाटीदार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह पहली बार इस तरह के आयोजन में शामिल हुए हैं और डॉक्टरों के बीच आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि हार्डवर्क और मेनिफेस्टेशन सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थी जिस भी क्षेत्र में जाएं, अपना 110 प्रतिशत दें।
गायक अनूप जलोटा ने कहा कि हमारा व्यवहार हमारी प्रतिभा से ज्यादा सुंदर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का व्यवहार और संस्कार ही उसे जीवन के लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कुलगुरु डॉ. एस.एस. यादव ने विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में मानसरोवर डेंटल कॉलेज, मानसरोवर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर तथा श्री साई इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक रिसर्च एंड मेडिसिन के विद्यार्थियों को सत्र समापन पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर मानसरोवर डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी. गुरुदत्त नायक, मानसरोवर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग सिंह राजपूत, श्री साई इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक रिसर्च एंड मेडिसिन की प्राचार्या डॉ. मनीषा राठी, रजिस्ट्रार डॉ. पुष्पेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक उपस्थित रहे। अंत में प्रो-चांसलर डॉ. अरुण कुमार पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया।
















