जबलपुर, 15 सितंबर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में एमएसपी पर खरीदी समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को सैकड़ों किसानों ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामदास पटेल के नेतृत्व में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली और जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगें रखीं। किसानों ने कहा कि उन्हें भावांतर योजना नहीं, घोषित समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी की गारंटी चाहिए।
किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मंडी व्यवस्था में किसानों के शोषण का आरोप लगाते हुए धान 3100 और गेहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने तथा प्रति एकड़ 25 क्विंटल की सीमा तय करने की मांग की।
मझौली में धान, गेहूं और मूंग की बकाया राशि तथा पनागर के वेयरहाउसों में लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की गई। समर्थन मूल्य से कम बोली पर रोक और भुगतान नहीं करने वाले व्यापारियों पर एफआईआर व गिरफ्तारी की मांग भी उठी।
किसानों ने रानीताल कटाव सबस्टेशन का निर्माण पूरा कर रोज 12 घंटे बिजली देने, सिहोरा में ओवरलोड ट्रांसफार्मर बदलने और नकली हाइब्रिड बीज बेचने वालों पर कार्रवाई की मांग की। पराली प्रबंधन के पर्याप्त साधन मिलने तक कार्रवाई रोकने और किसान खेत सड़क योजना शुरू करने की मांग भी रखी।
मंडी में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए आधार और फोटो स्कैन व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा।
















