भोपाल, 15 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका प्रदेश का पहला दौरा होगा। इस दौरान वे इंदौर और उज्जैन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत उज्जैन के रामघाट पर होने वाले कार्यक्रम में भी नितिन नवीन भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को वे दोपहर 1:45 बजे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल पहुंचेंगे। दोपहर 2:55 बजे गांधी नगर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर स्वामित्व योजना के तहत राज्यव्यापी नई पंजीयन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे।
इंदौर के कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन शाम करीब 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। शाम 6:45 बजे वे रामघाट जाएंगे, जहां मां शिप्रा की आरती में शामिल होंगे और सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे।
इसके बाद रात 8 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में भी शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम उज्जैन में रहेगा।
18 सितंबर को नितिन नवीन सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में शामिल होंगे और बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। करीब 10 बजे इंदौर विमानतल से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे।
नितिन नवीन के दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने इंदौर और उज्जैन में तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन और पुलिस ने भी कार्यक्रम स्थलों तथा उनके आवागमन को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की है।
















