शहडोल, 16 सितंबर।
शहडोल में 70वीं शालेय राज्यस्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। शहडोल का विचारपुर गांव मिनी ब्राजील के रूप में पहचान बना चुका है और यहां फुटबॉल के साथ बास्केटबॉल सहित कई खेलों में युवा आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल के खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले में अब तीन बास्केटबॉल कोर्ट उपलब्ध हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों से 17 वर्ष तक की आयु के 240 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शालेय खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। खिलाड़ियों से उन्होंने हार-जीत की चिंता से अधिक सीखने पर ध्यान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्टार्टअप, खेल और नेतृत्व विकास पर विशेष ध्यान रहेगा।
















