भोपाल, 16 सितंबर।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस देश के लिए गर्व और गौरव का अवसर है तथा वे भारत के नवोदय, नवचेतना और नए संकल्प के प्रतीक हैं।
राज्यपाल ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री को भारत की सांस्कृतिक विरासत और नागरिक चेतना को आगे बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्र प्रथम और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों के हृदय में विशेष स्थान रखते हैं।
पटेल ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम् पर आधारित विदेश नीति के साथ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की सामर्थ्य से परिचित कराया। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, चंद्रयान और मंगलयान जैसे अभियान देश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण अध्याय हैं। केन-बेतवा और चीता पुनर्वास परियोजनाओं को भी उन्होंने इसी यात्रा का हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-मन योजना, धरती आबा उत्कृष्ट ग्राम अभियान, जनजातीय गौरव दिवस और सिकल सेल उन्मूलन अभियान के माध्यम से वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास हुआ है। टीबी मुक्त भारत का संकल्प भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
















