काठमांडू, 16 सितंबर।
नेपाल के मुगु जिले में बुधवार तड़के करीब ढाई घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोनों भूकंप का केंद्र मुगु के कालै क्षेत्र के आसपास रहा और उनकी तीव्रता 4.5 तथा 4.2 दर्ज की गई।
राष्ट्रीय भूकंप मापन एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार पहला भूकंप रात 1 बजकर 51 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता 4.5 थी। इसके करीब ढाई घंटे बाद सुबह 4 बजकर 28 मिनट पर उसी क्षेत्र के आसपास 4.2 तीव्रता का दूसरा भूकंप दर्ज किया गया।
केंद्र के वरिष्ठ भूकंपविद् डॉ. लोकविजय अधिकारी ने बताया कि दोनों झटकों के बीच लगभग ढाई घंटे का अंतर रहा। उनके अनुसार इस तीव्रता के भूकंप से सामान्य तौर पर बड़े नुकसान की आशंका कम रहती है, फिर भी लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि किसी बड़े भूकंप के बाद छोटे झटके आने की संभावना रहती है। 4 तीव्रता के भूकंप के बाद भी संबंधित क्षेत्र में 3, 2 और 1 तीव्रता के कई छोटे झटके महसूस हो सकते हैं।
अधिकारी के मुताबिक, पिछले सप्ताह मुस्तांग जिले में आए भूकंप के बाद अब तक करीब 20 से 22 छोटे झटके दर्ज किए जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि 8 सितंबर की रात 9 बजकर 53 मिनट पर मुस्तांग में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके झटके काठमांडू तक महसूस किए गए थे।
















