भोपाल, 22 सितंबर।
भोपाल स्थित एम्स से 19 वर्षीय छात्रा रिषिका मन्ना के लापता होने का मामला सामने आया है। वह 16 सितंबर की शाम परिवार के साथ एम्स में दाखिले से संबंधित जानकारी लेने पहुंची थी। इसी दौरान पढ़ाई को लेकर उसकी मां से बहस हो गई।
बताया गया है कि बहस के बाद रिषिका ने कुछ देर बाहर टहलकर आने की बात कही और अस्पताल से निकल गई। वह अपना मोबाइल फोन और पर्स एक रिश्तेदार के पास ही छोड़ गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिवार ने एम्स के आसपास के क्षेत्रों के साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी छात्रा को खोजा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद बागसेवनिया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस एम्स और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिषिका अस्पताल से बाहर निकलने के बाद किस दिशा में गई थी।
लापता हुए चार दिन बीत जाने के बाद भी छात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध अन्य जानकारियों के आधार पर रिषिका की तलाश में जुटी है।
















