मुंबई, 23 सितंबर।
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की आत्महत्या के मामले में परीक्षा केंद्र का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में घटना से पहले परीक्षा हॉल के भीतर हुई गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। इसमें साहिल को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि साहिल मोबाइल के जरिए प्रश्नपत्र को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरण पर डालकर उसके उत्तर हासिल करने की कोशिश कर रहा था। परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात प्रोफेसर सूर्य नारायण डूला की नजर साहिल पर पड़ी। इसके बाद प्रोफेसर उसके पास पहुंचे और मोबाइल देखने के बाद उसे सीट से उठने के लिए कहा।
सीसीटीवी के अंतिम हिस्से में प्रोफेसर डूला साहिल को परीक्षा हॉल से बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यह फुटेज उस घटना से ठीक पहले की स्थिति को सामने रखता है, जिसके कुछ समय बाद साहिल का शव उसके कमरे में मिला था।
मामले में पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी अपराध शाखा को सौंपी गई है।
साहिल के परिवार और प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा हॉल से बाहर ले जाने के बाद उसके साथ गंभीर उत्पीड़न, अपमान और जातिगत भेदभाव किया गया। परिवार का कहना है कि इन परिस्थितियों से आहत होकर साहिल ने आत्मघाती कदम उठाया।
संस्थान प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर छात्र को सामान्य परामर्श दिया गया था और नियमों की जानकारी दी गई थी। परिवार की शिकायत में प्रोफेसर डूला पर जातिगत टिप्पणी करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने इन्हीं शिकायतों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है और संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। सीसीटीवी सामने आने के बाद जांच में इस घटनाक्रम से जुड़ी कड़ियों को देखा जा रहा है।
















