भोपाल, 16 सितंबर।
मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं के साथ विभिन्न विषयों पर सुझाव भी मंत्री के सामने रखे।
मंत्री उइके ने कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर जल्द कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी भी मौजूद रहे। मंत्री उइके ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ उन्हें शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
















