इंदौर, 16 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत इंदौर संभाग के आठ जिलों में शाम 7 बजे एक साथ आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। सांस्कृतिक धरोहरों और प्रमुख स्थलों पर कुल 42 लाख 50 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।
इंदौर में 8 लाख, धार में 6 लाख, झाबुआ में 7 लाख, आलीराजपुर में 2 लाख, खरगोन में 2 लाख, बड़वानी में 2 लाख 50 हजार, खंडवा में 5 लाख और बुरहानपुर में 10 लाख दीये जलेंगे। इंदौर में मुख्य आयोजन राजवाड़ा पर होगा। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन संभागभर में रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे, जिनसे 3650 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य है। विभिन्न स्थानों पर आग से बचाव के इंतजाम किए जाएंगे।
19 से 26 सितंबर तक चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटक और 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा के कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी।
















