गुना, 16 सितंबर।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार से मध्य प्रदेश के गुना जिले के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ जनसंपर्क, हितग्राही संवाद, युवा संवाद और सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सिंधिया बुधवार को भोपाल से रवाना होकर रात 9:30 बजे बीनागंज और कुंभराज के स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे गुना सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
17 सितंबर को सुबह 10:30 बजे वे जिला चिकित्सालय गुना में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11:45 बजे बमोरी में नवीन डिग्री कॉलेज भवन और मूढ़रा हनुमान 33/11 केवीए सब-स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।
दोपहर 2:15 बजे ग्राम सिरसी में गुना-उमाई-सिरसी से उदयपुरी मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ सिंधिया सहरिया चौपाल में भी शामिल होंगे। दोपहर 3:50 बजे वे सांगई प्राथमिक विद्यालय का भ्रमण करेंगे।
शाम 5:20 बजे गुना में चिंताहरण मंदिर से हनुमान चौक मार्ग के ऐतिहासिक सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही विनायकखेड़ी-मुहालपुर-खेजरा मार्ग और औद्योगिक क्षेत्र के 33/11 केवीए सब-स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।
शाम 7 बजे सिंधिया हनुमान टेकरी पर आयोजित ‘एक दीप सेवा संकल्प के नाम’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर गुना में रात्रि विश्राम करेंगे।
18 सितंबर को वे ग्राम बरखेड़ा गिर्द में राशन दुकान का निरीक्षण, आंगनवाड़ी केंद्र का भ्रमण और नमो ड्रोन दीदियों से संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में शामिल होंगे।
दोपहर 1:40 बजे गुना के शुभ विदाई गार्डन में प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बहना योजना और पोषण आहार से जुड़े हितग्राहियों से संवाद करेंगे। दोपहर 3 बजे क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में युवाओं से बातचीत करेंगे।
शाम 4:10 बजे जगनपुर स्थित पीएम आवास कॉलोनी में लाभार्थियों से संवाद के बाद शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट में दिशा निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में केदारनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विकास से संबंधित प्रस्तुतीकरण भी होगा। इसके बाद सिंधिया पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे।
19 सितंबर को केंद्रीय मंत्री गुना शहर में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
















