राजगढ़, 16 सितंबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में खिलचीपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर नाला के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्रॉले ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ट्रॉले के साथ करीब 50 फीट तक घिसटता चला गया। इसके बाद ट्रॉला भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में बाइक सवार 51 वर्षीय नंदराम बागरी निवासी कोटड़ा, आगरमालवा की मौके पर मौत हो गई। ट्रॉले में सवार पिता-पुत्र और चालक घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक ट्रॉला जीरापुर से खिलचीपुर की तरफ जा रहा था। फतेहपुर नाला के समीप उसने बाइक को टक्कर मारी। दुर्घटना में बाइक के कई हिस्से टूटकर सड़क पर फैल गए। नंदराम का शव ट्रॉले के पास मिला। बताया गया कि वह बेटी के टाइफाइड के उपचार के लिए झाड़-फूंक कराने के बाद खिलचीपुर के वीरजी महाराज देवस्थान पर प्रसाद चढ़ाकर गांव लौट रहे थे।
ट्रॉले में बावड़ीखेड़ा जोड़ के पास से 42 वर्षीय बालूसिंह मालवीय और उनका 10 वर्षीय बेटा सार्थक लिफ्ट लेकर सवार हुए थे। दोनों गंभीर घायल हुए। ट्रॉला चालक गोरेलाल भी घायल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ट्रॉले की जांच में शराब के क्वार्टर मिलने की बात सामने आई। कुछ लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। इसकी पुष्टि मेडिकल और पुलिस जांच के बाद होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
















