इंदौर, 16 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित इंफोसिस परिसर में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक-2 (एसडीबी-2) का शुभारंभ करेंगे। 3 लाख 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में विकसित यह नया ब्लॉक प्रदेश की उन्नत तकनीकी क्षमताओं और रोजगारपरक प्रतिभा तंत्र को मजबूत करने में सहायक होगा।
जनसंपर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव के अनुसार, इंफोसिस प्रदेश में उपलब्ध बढ़ते प्रतिभा समूह का लाभ लेने के साथ शैक्षणिक और तकनीकी तंत्र के साथ अपना जुड़ाव भी बढ़ाएगी। इसके लिए कौशल विकास कार्यक्रमों और संस्थागत साझेदारियों के जरिए आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर तथा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के साथ सहयोग का विस्तार किया जाएगा।
इंफोसिस के इंदौर केंद्र में वर्तमान में 3 हजार 300 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। ये कर्मचारी बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा, स्वास्थ्य सेवा, खुदरा, फार्मा एवं जीवन विज्ञान तथा विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं।
नए केंद्र के विस्तार के साथ क्लाउड, एप्लीकेशन डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग तथा साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में कंपनी की तकनीकी क्षमताएं बढ़ेंगी। इससे प्रदेश में उन्नत तकनीकी सेवाओं के साथ कौशल विकास के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नया भवन पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा दक्ष तरीके से तैयार किया गया है। इसे हरित भवन मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। यहां कम ऊर्जा वाली शीतलन व्यवस्था, स्मार्ट भवन स्वचालन, वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण जैसी सुविधाएं होंगी। प्रशिक्षण और स्वास्थ्य-वर्धक सुविधाओं का भी प्रबंध किया गया है।
















