नई दिल्ली, 17 सितंबर।
प्रधानमंत्री संग्रहालय में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेन्द्र मिश्रा ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान संग्रहालय के निदेशक अश्वनी लोहानी भी मौजूद रहे।
नृपेन्द्र मिश्रा ने प्रदर्शनी को विशेष बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद के दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय प्रधानमंत्री जनता से सीधे संवाद करने और देश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम तलाश रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान अमेरिका के एक राष्ट्रपति द्वारा जनता से संवाद के लिए नियमित रूप से रेडियो का इस्तेमाल किए जाने का विषय सामने आया था।
प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस : जनसेवा के 25 साल’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री संग्रहालय में ‘मन की बात’ से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है।
संग्रहालय में देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की जयंती और जन्मदिन भी विशेष रूप से मनाए जाते हैं। इन अवसरों पर पूर्व प्रधानमंत्रियों के परिजनों को भी आमंत्रित किया जाता है।
















