देहरादून, 17 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधीन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। प्रधानमंत्री के दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर बदरीनाथ में महाभिषेक तथा केदारनाथ में रुद्राभिषेक कराया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से बदरीनाथ धाम में प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए विशेष महाभिषेक पूजा कराई गई। रात में प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर बदरीनाथ धाम में 76 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
केदारनाथ धाम में भगवान केदारनाथ का विशेष रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। शाम को मंदिर परिसर में आशीर्वाद दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही मंदाकिनी गंगा की आरती भी आयोजित की जाएगी।
यमकेश्वर के पौराणिक श्री यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी विशेष पूजा के बाद जलाभिषेक किया गया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि वह शाम को यमकेश्वर क्षेत्र के स्वर्गाश्रम मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गंगा आरती में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस दौरान देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना के लिए 76 आशीर्वाद दीप जलाए जाएंगे।
बदरीनाथ धाम में धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और केदारनाथ धाम में पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने पूजा-अर्चना, अभिषेक और रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस दौरान श्री केदार सभा के पदाधिकारी, मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
















